प्रसिद्ध सौंदर्य विशेषज्ञ शहनाज हुसैन के आसान और असरदार ब्यूटी व केयर टिप्स
रक्षाबंधन का त्योहार इस बार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। सावन पूर्णिमा 27 अगस्त की सुबह 9:08 बजे शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह 9:48 बजे समाप्त होगी। उदयातिथि के अनुसार राखी का पर्व 28 अगस्त को मनाया जाएगा।
भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का यह त्योहार बरसात के उमस भरे मौसम में आता है। ऐसे में बहनें पारंपरिक परिधान के साथ आकर्षक और ताजगी भरा रूप चाहती हैं। सौंदर्य विशेषज्ञ शहनाज हुसैन के अनुसार त्योहार से करीब एक सप्ताह पहले त्वचा और बालों की देखभाल शुरू कर देनी चाहिए।
त्वचा की देखभाल
चेहरे पर कुछ भी लगाने से पहले त्वचा को अच्छी तरह साफ करें। अपनी त्वचा के अनुरूप माइल्ड फेसवॉश का इस्तेमाल करें और चेहरे को जोर से रगड़ने से बचें। यदि त्वचा को स्क्रब सूट करता है, तो त्योहार से एक-दो दिन पहले हल्का एक्सफोलिएशन किया जा सकता है। संवेदनशील त्वचा पर स्क्रब से बचना बेहतर है।
ताजगी के लिए तरबूज के रस का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे चेहरे पर लगभग 20 मिनट लगाकर साफ पानी से धो लें। फलों का मास्क बनाने के लिए केला, सेब, पपीता और संतरे का मिश्रण भी लगाया जा सकता है।
खीरे के रस में थोड़ा पाउडर दूध और अंडे का सफेद भाग मिलाकर बनाया गया मास्क भी चेहरे और गर्दन पर लगाया जा सकता है। तैलीय त्वचा के लिए मुल्तानी मिट्टी और गुलाबजल का हल्का पेस्ट उपयोगी हो सकता है।
आंखों की थकान दूर करने के लिए गुलाबजल में भिगोए कॉटन पैड कुछ देर बंद पलकों पर रखकर आराम किया जा सकता है। इस्तेमाल किए गए ठंडे टी-बैग भी इसी तरह लगाए जा सकते हैं।
बालों को दें चमक
बरसात में बाल अक्सर रूखे और उलझे हो जाते हैं। क्रीमी हेयर कंडीशनर में थोड़ा पानी मिलाकर हल्का स्प्रे तैयार किया जा सकता है। इसे बालों पर लगाकर कंघी करें और करीब एक घंटे बाद बाल धो लें।
रक्षाबंधन पर चोटी, हल्के कर्ल, आकर्षक हेयर क्लिप, रिबन या फूलों से बालों को सजाया जा सकता है। पारंपरिक चोटी लगभग हर चेहरे पर अच्छी लगती है। चेहरे के आकार के अनुसार चोटी की लंबाई और शैली चुनी जा सकती है।
दिन के समय रखें मेकअप हल्का
रक्षाबंधन दिन में मनाया जाता है, इसलिए मेकअप हल्का और सहज रखना बेहतर है। साफ त्वचा पर मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन लगाने के बाद हल्का पाउडर इस्तेमाल किया जा सकता है। तैलीय त्वचा के लिए मैटिफाइंग या ऑयल-कंट्रोल उत्पाद उपयोग किए जा सकते हैं।
आंखों के लिए आई पेंसिल, हल्का भूरा या स्लेटी आईशैडो और मस्कारा पर्याप्त है। होंठों पर हल्का गुलाबी, बैंगनी, भूरा, कांस्य या तांबे जैसे सौम्य रंग अच्छे लग सकते हैं। बहुत गहरे या अत्यधिक चमकीले रंगों से दिन के मेकअप में बचना बेहतर है।
परिधान और रंग
रक्षाबंधन के लिए रॉयल ब्लू, लाल, गुलाबी और मैरून जैसे चटकीले रंग आकर्षक विकल्प हो सकते हैं। मौसम को ध्यान में रखते हुए आरामदायक कपड़े और हल्का, टिकाऊ मेकअप त्योहार के दौरान बेहतर अनुभव देता है।
(शहनाज हुसैन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ हैं और ‘हर्बल क्वीन’ के नाम से लोकप्रिय हैं।)


No comments:
Post a Comment